दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार समारोह ‘समन्वय 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता, छात्र प्रतिभा और संस्थान की गौरवशाली उपलब्धियों का वार्षिक उत्सव है। समारोह में छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
इस अवसर पर दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय की शताब्दी पुरानी विरासत की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि देश के लिए भविष्य के नवप्रवर्तकों और जिम्मेदार नागरिकों को तैयार करने वाला सशक्त मंच है।
उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने अपने संबोधन में कहा कि आज के तेजी से बदलते वैश्विक परिवेश में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के विजन का उल्लेख करते हुए छात्राओं को आत्मनिर्भर, समाधानोन्मुख और मूल्यनिष्ठ बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में क्रिटिकल थिंकिंग और नई तकनीकों को समझना बेहद आवश्यक है। साथ ही, उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की बढ़ती उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला और छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की प्रेरणा दी।
समारोह में दिल्ली विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पूनम कुमरिया ने की। अपने स्वागत संबोधन में उन्होंने कॉलेज की मजबूत शैक्षणिक संरचना, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप चल रही नवाचारपूर्ण पहलों और विभिन्न संस्थागत सहयोगों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय केवल अकादमिक विकास पर ही नहीं, बल्कि छात्राओं के समग्र व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान देता है।
प्राचार्या प्रो. पूनम कुमरिया ने छात्र कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, समावेशी शिक्षा और आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं के लिए वित्तीय सहायता जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सतत विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी को कॉलेज परिसर के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। यही कारण है कि संस्थान छात्राओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए उन्हें संवेदनशील नागरिक के रूप में तैयार कर रहा है।
समन्वय 2026 का एक प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय की नई आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ रहा। इस आधुनिक वेबसाइट को शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। वेबसाइट के माध्यम से छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों को संस्थान की महत्वपूर्ण सूचनाएं और सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कुल 73 छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें इनेबलिंग यूनिट की छात्राएं भी शामिल रहीं। पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ दिखाई दिया। यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत का परिणाम था, बल्कि अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना।
समारोह का अंतिम चरण रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा रहा। छात्राओं ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं की ऊर्जा, अनुशासन और कला कौशल की जमकर सराहना की।
इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय का वार्षिक समारोह समन्वय 2026 एक बार फिर यह संदेश देने में सफल रहा कि उच्च शिक्षा संस्थान केवल डिग्री प्रदान करने का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के केंद्र भी हैं। उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू की प्रेरणादायक उपस्थिति और छात्राओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।
यह भी जरूर पढ़े :
