दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलेजिएट महिला शिक्षा बोर्ड (NCWEB) ने सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को अपना 81वां वार्षिकोत्सव शंकरलाल सभागार में आयोजित किया। इस वर्ष कार्यक्रम का विषय “गौरवशाली अतीत की महानायिकाएँ” रखा गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण और शिक्षा में महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ऐतिहासिक महानायिकाओं के योगदान को याद करते हुए वर्तमान समय में युवा महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरित करना था। इस अवसर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
कई गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. शोभा विजेंद्र (संस्थापक अध्यक्ष, सम्पूर्ण) उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. बलराम पाणि (अधिष्ठाता महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय एवं चेयरपर्सन, NCWEB) ने की, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी प्रो. गीता भट्ट (निदेशक, NCWEB) ने संभाली।
वार्षिक रिपोर्ट और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण
कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. गीता भट्ट के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने NCWEB के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए शैक्षणिक सत्र 2025-26 की उपलब्धियों पर आधारित वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उन्होंने कहा कि आज के समय में ‘फाइनेंशियल अवेयरनेस’ अत्यंत आवश्यक है और संस्थान छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री श्री परवेश साहिब सिंह वर्मा द्वारा 100 छात्राओं की फीस वहन करने और वार्षिकोत्सव के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा का भी उल्लेख किया।
“मेहनत का कोई विकल्प नहीं” – प्रो. टंकेश्वर कुमार
मुख्य अतिथि प्रो. टंकेश्वर कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता।” उन्होंने कहा कि पुरस्कार सफलता का प्रतीक हो सकते हैं, लेकिन निरंतर परिश्रम ही उस सफलता तक पहुंचने का वास्तविक मार्ग है।
उन्होंने यह भी कहा कि परिवार व्यक्ति के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इसमें महिलाओं का योगदान केंद्रीय होता है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
महिला शिक्षा और मूल्यों पर जोर
विशिष्ट अतिथि डॉ. शोभा विजेंद्र ने कहा कि NCWEB जैसी संस्थाएं महिला शिक्षा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक प्रगति केवल आर्थिक या तकनीकी विकास से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मूल्यों और संस्कारों से युक्त व्यवहार से होती है।
वहीं, प्रो. बलराम पाणि ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मविश्वास, धैर्य और साहस जैसे गुणों से सशक्त बनाती है।
‘अहिल्याबाई होलकर छात्रवृत्ति’ की घोषणा
इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए परास्नातक स्तर पर “लोकमाता अहिल्याबाई होलकर छात्रवृत्ति” शुरू करने की बात कही गई। यह छात्रवृत्ति शैक्षणिक उत्कृष्टता प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही स्नातक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
कार्यक्रम के दौरान NCWEB की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें भारत की महानायिकाओं पर आधारित 13 प्रस्तुतियां दी गईं, जो रचनात्मकता और ऊर्जा से भरपूर थीं।
प्रतियोगिता में:
- प्रथम स्थान: महाराजा अग्रसेन केंद्र
- द्वितीय स्थान: PGDAV महाविद्यालय केंद्र
- तृतीय स्थान: केशव महाविद्यालय केंद्र
इन प्रस्तुतियों ने छात्राओं की बहुआयामी प्रतिभा को दर्शाया।
बड़ी संख्या में रही सहभागिता
आयोजन में 650 से अधिक छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन NCWEB के उपनिदेशक डॉ. सुरेंद्र कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
यह भी जरूर पढ़े :
