SPMCSPMC

दिल्ली विश्वविद्यालय के श्यामा प्रसाद मुखर्जी महिला महाविद्यालय (SPMC) में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में भव्य एलुमनी मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसपीएमसी एलुमनी एसोसिएशन ने साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी के सहयोग से किया। महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने हिस्सा लिया।

समारोह में पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं, दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के सदस्य राजीव बब्बर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

SPMC में एलुमनी मीट की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर विशेष श्रद्धांजलि भी प्रस्तुत की गई।

महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) नीलम गोयल ने अतिथियों और पूर्व छात्राओं का स्वागत किया। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया और उनका सम्मान किया।

राजीव बब्बर ने पूर्व छात्राओं को किया संबोधित

विशिष्ट अतिथि राजीव बब्बर ने पूर्व छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने सपनों और लक्ष्यों के प्रति दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने ईमानदारी, नैतिकता और जीवन मूल्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि कमलजीत सहरावत ने दिल्ली विश्वविद्यालय में अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा कीं। उन्होंने महाविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पूर्व छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने और जीवन में मजबूत मूल्यों एवं सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एलुमनी एसोसिएशन की ओर से कमलजीत सहरावत को एलुमनी रिबन प्रदान किया गया। इसके साथ उन्हें पूर्व छात्र समुदाय से औपचारिक रूप से जोड़ा गया।

SPMC एलुमनी मीट में 59 पूर्व छात्राओं का सम्मान

समारोह के दौरान कुल 59 विशिष्ट पूर्व छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अन्य पूर्व छात्राओं के सम्मान के लिए साइंस ऑफ स्पिरिचुअलिटी के सहयोग से पौधों का वितरण किया गया।

पौधा वितरण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पूर्व छात्राओं के महाविद्यालय से जुड़ाव को मजबूत करने के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी सामने रखा गया।

आयोजन में इन सदस्यों की रही भूमिका

कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय में डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. मंजू सिंह, डॉ. निधि सेठ, डॉ. मोनिका शिवहरे, डॉ. निकिता कुहर, डॉ. हिमांशी वर्मा और सुश्री गीता अर्नेजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. शिवानी जॉर्ज और सुश्री चेतना खुराना ने किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मंजू सिंह और सुश्री मानसी हुड्डा ने प्रस्तुत किया।

राष्ट्रगान के साथ SPMC एलुमनी मीट का समापन

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद हाई टी का आयोजन किया गया। एलुमनी मीट के दौरान पूर्व छात्राओं ने महाविद्यालय से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा किया और एक-दूसरे से मुलाकात की।

कार्यक्रम ने एसपीएमसी की पूर्व छात्राओं को एक मंच पर आने का अवसर दिया। एलुमनी एसोसिएशन के आयोजन के माध्यम से पुराने संबंधों को मजबूत करने और महाविद्यालय की विरासत से पूर्व छात्र समुदाय के जुड़ाव को बढ़ाने पर जोर दिया गया।

यह भी जरूर पढ़े :

विराट कोहली ने 35 के बाद ठोके 7 शतक, सचिन का रिकॉर्ड भी तोड़ा

Discover more from The BG Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading