भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टी20 क्रिकेट में नए युग की शुरुआत करते हुए श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का नया कप्तान नियुक्त कर दिया है। लंबे समय से चल रही चर्चाओं और अटकलों के बाद शनिवार को चयन समिति की बैठक में इस फैसले पर अंतिम मुहर लगाई गई। इसके साथ ही युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया में शामिल किया गया है। महज 15 साल की उम्र में राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर उन्होंने इतिहास रच दिया है।
बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम की घोषणा की है। साथ ही एशियन गेम्स और इंडिया-ए के श्रीलंका दौरे के लिए भी अलग-अलग स्क्वॉड का ऐलान किया गया है।
श्रेयस अय्यर को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बीसीसीआई मुख्यालय में हुई चयन समिति की बैठक के बाद बोर्ड सचिव देवजित सैकिया ने श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान घोषित किया। वहीं तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब भारतीय टीम आने वाले वर्षों में टी20 विश्व कप और ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी कर रही है। चयनकर्ताओं का मानना है कि श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में टीम को एक नई दिशा मिलेगी।
सूर्यकुमार यादव के दौर का हुआ अंत
श्रेयस अय्यर की नियुक्ति के साथ ही टी20 टीम में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी का दौर समाप्त हो गया। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने हाल ही में टी20 विश्व कप जीतकर बड़ी सफलता हासिल की थी।
हालांकि टीम प्रबंधन अब भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ना चाहता है। ऐसे में अय्यर को कप्तानी सौंपना भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास
टीम चयन की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
वैभव अब भारत की सीनियर टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनमें भविष्य का बड़ा स्टार बनने की क्षमता है।
उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में खेलने की क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। यही वजह है कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम में जगह मिली है।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरा होगा अहम
भारतीय टीम जून के अंत में पहले आयरलैंड और उसके बाद इंग्लैंड का दौरा करेगी। आयरलैंड में टीम दो टी20 मुकाबले खेलेगी, जबकि इंग्लैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
इन दोनों सीरीज के लिए 16 खिलाड़ियों का एक संयुक्त स्क्वॉड चुना गया है। चयनकर्ताओं का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर देना है।
प्रिंस यादव को भी मिला मौका
युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है। आईपीएल में उनकी तेज गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया था।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में प्रिंस भारतीय गेंदबाजी आक्रमण का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकते हैं।
एशियन गेम्स के लिए अलग रणनीति
सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम की घोषणा की गई है। इस टीम में अधिकांश खिलाड़ी वही हैं जिन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया है।
हालांकि एशियन गेम्स टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है। वहीं मोहम्मद सिराज और प्रिंस यादव को इस स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और वैभव सूर्यवंशी।
यह भी जरूर पढ़े :
