राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने CUET UG 2026 परीक्षा को लेकर नई एडवाइजरी जारी कर दी है। इस बार एजेंसी ने ड्रेस कोड के नियमों में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। सबसे बड़ी राहत यह है कि अब उम्मीदवार सामान्य जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। पहले जारी प्रोस्पेक्टस में जूते पहनने पर रोक लगाई गई थी।
एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थी अब सामान्य जूते, चप्पल या लो-हील फुटवियर पहनकर परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। CUET UG 2026 परीक्षा 11 मई से 31 मई तक आयोजित होगी। यह परीक्षा भारत समेत विदेशों के 15 शहरों में ऑनलाइन मोड में कराई जाएगी।
देशभर के 250 से अधिक विश्वविद्यालयों में दाखिले के लिए होने वाली इस परीक्षा में इस बार करीब 15.68 लाख यूनिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, बीएचयू, जेएनयू सहित कई बड़े संस्थानों में प्रवेश इसी परीक्षा के माध्यम से होगा।
धार्मिक वस्त्र और कलावा पहनने की अनुमति
एनटीए ने साफ किया है कि धार्मिक आस्था से जुड़े वस्त्र और प्रतीक पहनने की अनुमति रहेगी। हालांकि ऐसे उम्मीदवारों को अतिरिक्त जांच प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी कलावा पहनकर परीक्षा दे सकते हैं।
इसके अलावा, उम्मीदवारों को हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। जरूरत पड़ने पर ऊनी कपड़े पहनने की अनुमति होगी, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त जांच हो सकती है।
CUET UG 2026: परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियम
1. ड्रेस कोड का पालन जरूरी
एनटीए ने उम्मीदवारों को भारी और पूरी बाजू वाले कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी है। बड़े बटन वाले कपड़े भी अनुमति सूची में नहीं हैं। यदि कोई उम्मीदवार पारंपरिक या सांस्कृतिक पोशाक में आता है, तो उसे अंतिम रिपोर्टिंग समय से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
यदि किसी उम्मीदवार को मेडिकल कारणों से ड्रेस कोड में बदलाव की जरूरत है, तो एडमिट कार्ड जारी होने से पहले NTA से विशेष अनुमति लेनी होगी।
2. जूलरी और मेटल आइटम पर रोक
परीक्षा केंद्र पर किसी भी प्रकार की जूलरी या धातु से बनी वस्तुएं पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, कान के बूंदे, नाक की लौंग, ताबीज, बेल्ट और स्कार्फ जैसी चीजें पहनने से बचने की सलाह दी गई है।
3. ये सामान पहनकर परीक्षा नहीं दे सकेंगे
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के दौरान सनग्लासेस, घड़ी और टोपी पहनने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को साधारण और आरामदायक कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है।
4. क्या-क्या साथ लेकर जाएं?
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निम्न दस्तावेज लेकर जाना अनिवार्य होगा:
- एडमिट कार्ड का प्रिंट आउट
- स्व-घोषणा पत्र
- एक अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटो
- वैध फोटो आईडी प्रूफ
पासपोर्ट साइज फोटो वही होनी चाहिए जो आवेदन फॉर्म में अपलोड की गई थी।
5. परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें
एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। इससे सुरक्षा जांच और दस्तावेज सत्यापन में आसानी होगी।
6. रफ शीट से जुड़े नियम
परीक्षा के दौरान सभी गणना और रफ कार्य केवल परीक्षा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई गई रफ शीट पर ही करना होगा। प्रत्येक रफ शीट पर उम्मीदवार को अपना नाम और आवेदन संख्या लिखना जरूरी होगा।
परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी रफ शीट निरीक्षक को वापस जमा करनी होंगी। एनटीए ने कहा है कि इन शीट्स को बाद में मशीन द्वारा नष्ट कर दिया जाएगा।
35 शिफ्ट में होगी परीक्षा
इस वर्ष CUET UG परीक्षा कुल 35 शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। NTA के अनुसार, परीक्षा में कुल 9222 सब्जेक्ट कॉम्बिनेशन शामिल हैं। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को देखते हुए सुरक्षा और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
छात्रों के लिए अहम सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचना चाहिए। ड्रेस कोड, दस्तावेज और रिपोर्टिंग टाइम से जुड़ी गाइडलाइन को पहले से ध्यान से पढ़ लेना जरूरी है। छोटी सी लापरवाही भी परीक्षा केंद्र पर परेशानी का कारण बन सकती है।
CUET UG 2026 देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। ऐसे में NTA की नई एडवाइजरी छात्रों के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Pls Read :
