झारखंड स्थापना दिवसझारखंड स्थापना दिवस

झारखंड स्थापना दिवस एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में ‘झारखंड एकेडमिक फोरम’ की ओर से दिल्ली विश्वविद्यालय में एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड की सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षिक स्थितियों और जनजातीय समाज के वर्तमान तथा भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ।

‘झारखंड एकेडमिक फोरम’ के संस्थापक-अध्यक्ष और दिल्ली विश्वविद्यालय के सीनियर प्रोफ़ेसर एवं डीन प्रो. निरंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद विकास के विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक मानकों पर अपेक्षाकृत पीछे है। यही नहीं, आज विदेशी घुसपैठियों और जनजातीय क्षेत्रों में धर्मांतरण से जनसांख्यिकीय बदलाव झारखंड में एक विकट चुनौती बन गया है. उन्होंने बताया कि धर्मांतरण के खिलाफ संघर्ष करने वाली झारखंड के आदिवासी समाज की बेटी निशा भगत को आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रो. कुमार ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस या स्थापना दिवस केवल भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि जनजातीय और झारखंड के अन्य समाज के समुचित विकास और सुरक्षा के लिए संकल्प लेने का भी दिन है। खासतौर से पिछले दिनों झारखंड की बहिन-बेटियों के साथ जो घटनाएँ घटी हैं, वे चिंताजनक हैं. राज्य में बढ़ती बेरोजगारी और पलायन, नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (SDG) के इंडिया इंडेक्स में निचले पायदान पर होना, बच्चों में कुपोषण की भयानक स्थिति, झारखंड में 65% महिलाओं का एनीमिया ग्रस्त होना और शिक्षा की निम्न गुणवत्ता आदि समस्याओं से निपटने के लिए सरकार को अकादमिक जगत के साथ मिलकर कार्य करना होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्ष पूरे होने पर उन्होंने राज्य की विकास यात्रा का आत्ममूल्यांकन करने और शिक्षा, रोजगार तथा सामाजिक-आर्थिक अवसरों को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

दिल्ली विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. बिनय कुमार ने कहा कि झारखंड की पहचान केवल खनिज संपदा से नहीं, बल्कि उसकी संस्कृति, परंपराओं और संघर्षशील समाज से है। विकास तभी सार्थक होगा, जब प्राकृतिक संसाधनों से प्राप्त समृद्धि का लाभ सभी झारखंड-वासियों तक पहुँचे।

दिल्ली विश्वविद्यालय के ही प्रो. सुरेन्द्र सोरेन ने कहा कि आज जनजातीय समाज दोराहे पर खड़ा है. भारतीय संस्कृति और सभ्यतागत इतिहास का अभिन्न हिस्सा रहे जनजातीय समाज की अनदेखी नहीं हो।

समाजसेवी एवं ‘हिंदू विश्व’ पत्रिका के सह-संपादक मुरारीशरण शुक्ला ने कहा कि विकास का आकलन केवल आर्थिक वृद्धि से नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और जीवन की गुणवत्ता के आधार पर भी किया जाना चाहिए।

लेखक-पत्रकार प्रभात सुमन ने कहा कि झारखंड की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए उसके ऐतिहासिक संघर्षों और आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए वर्तमान चुनौतियों का समाधान खोजना होगा।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. सतीश कुमार तिवारी ने औपचारिक रूप से धन्यवाद ज्ञापन किया। परिचर्चा में दिल्ली विश्वविद्यालय, जेएनयू एवं जामिया विश्वविद्यालय के झारखंड से जुड़े प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने सहभागिता की तथा राज्य के चतुर्दिक विकास का संकल्प लिया।

यह भी जरूर पढ़े :

Supreme Court: CJI सूर्यकांत पर वकील की टिप्पणी से कोर्ट में हंगामा

One thought on “झारखंड स्थापना दिवस : DU में झारखंड के विकास और जनजातीय चुनौतियों पर परिचर्चा”

Comments are closed.

Discover more from The BG Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading