नई दिल्ली। स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस के अवसर पर मनाए जा रहे युवा पखवाड़ा के तहत 21 जनवरी 2026 को मोतीलाल नेहरू संध्या कॉलेज में एक विचारोत्तेजक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ते हुए उनमें राष्ट्र, समाज और नैतिक मूल्यों के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. संदीप गर्ग, प्रिंसिपल, मोतीलाल नेहरू संध्या कॉलेज के स्वागत वक्तव्य से हुई। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, अनुशासन और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथियों के विचार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजेन्द्र यादव, विधायक महरौली (दिल्ली, भाजपा), राम कुमार गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री, दिल्ली प्रदेश तथा अवनीश मित्तल, प्रिंसिपल, BCAS कॉलेज उपस्थित रहे।
राम कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि “युवा का उल्टा ‘वायु’ होता है। वायु का काम है बहना और मर्यादा में रहना। इसी तरह युवाओं को भी मर्यादा में रहते हुए कैंपस में पढ़ाई के साथ समाज के कार्यों में योगदान देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं के लिए कर्मयोग और अनुशासन का आदर्श उदाहरण है।
गजेन्द्र यादव ने कहा कि ABVP ही ऐसा संगठन है जो स्वामी विवेकानंद जैसे महान विचारक पर इस प्रकार की संगोष्ठी करवा सकता है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया भारत को छोटा समझती थी, तब स्वामी विवेकानंद ने अपने विचारों और आत्मविश्वास से भारत को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाई। उन्होंने युवाओं से ऐसे महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
अवनीश मित्तल ने कहा कि “स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी उतने ही अमूल्य हैं, जितने पहले थे।” उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर, नैतिक और समाजोन्मुख बनने की प्रेरणा दी।
आयोजन में योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में शेशु जी (दक्षिण विभाग संगठन मंत्री), अंकित राव (बसंत जिला संगठन मंत्री), राजा तंवर (दक्षिण विभाग संयोजक), यीशु मौर्य और प्रियांशु महामना (प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य), प्रत्यूष (छात्र संघ सचिव), सत्यम (इकाई अध्यक्ष, MLNCE) और प्रियांशु यादव (इकाई मंत्री, MLNCE) सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसके अलावा सत्यम, रितिक हिमांशु, उत्कर्ष आनंद, विनायक, अभिषेक और मनीष ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
यह भी जरूर पढ़े :
