दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस स्थित मोतीलाल नेहरू कॉलेज (इवनिंग) के वाणिज्य विभाग ने शनिवार को “Digital Futures: Reshaping Commerce, Finance and Management for Sustainable Global Development” विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन किया। यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित किया गया, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविद, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ और छात्र शामिल हुए।
सम्मेलन का उद्देश्य डिजिटल तकनीकों के बढ़ते प्रभाव और उनके माध्यम से वाणिज्य, वित्त और प्रबंधन के क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर चर्चा करना था। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), फिनटेक, ब्लॉकचेन, बिग डेटा और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका को विस्तार से समझाया गया।
डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन पर रहा फोकस
सम्मेलन में इस बात पर जोर दिया गया कि डिजिटल तकनीकें न केवल व्यापार को बदल रही हैं, बल्कि सतत विकास को भी बढ़ावा दे रही हैं। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल इनोवेशन आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इसके साथ ही नए बिजनेस मॉडल, डिजिटल मार्केटिंग, साइबर सिक्योरिटी, स्मार्ट सप्लाई चेन और उभरती अर्थव्यवस्थाओं में डिजिटल बदलाव जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
उद्घाटन सत्र में शामिल हुए कई दिग्गज
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और कुलगीत के साथ हुई। स्वागत भाषण डॉ. माया रानी ने दिया, जबकि डॉ. नीलू ग्रोवर ने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संदीप गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन भविष्य के व्यवसाय को अधिक सक्षम और टिकाऊ बना रहा है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. विजय कुमार श्रोत्रिय, विशिष्ट अतिथि प्रो. अमित कुमार सिंह और विशिष्ट वक्ता प्रो. आर. पी. तुलसियन उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं ने साझा किए विचार
सम्मेलन की खास बात अंतरराष्ट्रीय कीनोट स्पीकर्स के विचार रहे।
- डॉ. पुनीत वत्सा ने डिजिटल इकोसिस्टम और AI के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की।
- प्रो. (डॉ.) पास्टर आर. आर्गुएलेस जूनियर ने शोध आधारित निर्णय और वैश्विक सहयोग पर जोर दिया।
- उद्यमी ध्रुव माथुर ने अपने अनुभव साझा करते हुए डेटा आधारित रणनीतियों और नवाचार की अहमियत बताई।
- प्रो. रजनीश क्लेर ने अकादमिक रिसर्च में AI टूल्स की भूमिका को रेखांकित किया।
प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप में AI पर प्रशिक्षण
सम्मेलन से पहले “Advancing Research with AI Tools” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों को AI टूल्स के उपयोग से रिसर्च, डेटा एनालिसिस और लेखन के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
तकनीकी सत्रों में प्रस्तुत हुए शोध पत्र
दोपहर बाद आयोजित तकनीकी सत्रों में विभिन्न विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इन सत्रों में AI, फिनटेक, डिजिटल मार्केटिंग, साइबर सुरक्षा और वैश्विक व्यापार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
विद्वानों और छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सत्र अध्यक्षों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।
समापन सत्र में सराहना
सम्मेलन का समापन वैलिडिक्टरी सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रो. विजय सिंह और प्रो. नरेंद्र कुमार ने आयोजन की सराहना की।
डॉ. नीलू ग्रोवर ने सम्मेलन की रिपोर्ट प्रस्तुत की और डॉ. भावना राजपूत ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह भी जरूर पढ़े :
